
जून से अगस्त तक जारी रहेगी कैलाश मानसरोवर यात्रा, 5561 श्रद्धालुओं ने किया ऑनलाइन पंजीकरण"
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा इस वर्ष जून 2025 से शुरू होकर अगस्त 2025 तक आयोजित की जाएगी। सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की ओर से आयोजित कैलाश मानसरोवर यात्रा इस साल जून से अगस्त 2025 तक चलेगी, इसकी पुष्टि विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के लिए पंजीकृत यात्रियों का चयन कंप्यूटरीकृत लॉटरी सिस्टम के माध्यम से किया गया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस बार 5561 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था, जिनमें 4024 पुरुष और 1537 महिलाएं शामिल थीं। चयन पूरी तरह कंप्यूटर आधारित, निष्पक्ष, यादृच्छिक और लिंग संतुलित प्रणाली के तहत हुआ। इस प्रक्रिया में कुल 750 यात्रियों को यात्रा का मौका मिला है। हर बैच में 50 यात्री और उनके साथ 2 लॉजिस्टिक ऑफिसर होंगे।
कैलाश मानसरोवर यात्रा के मार्ग
इस बार यात्रा दो मार्गों से आयोजित की जाएगी। पहला मार्ग लिपुलेख (उत्तराखंड के जरिए) है, जहां से पांच बैच भेजे जाएंगे, हर बैच में 50 यात्री होंगे। यह मार्ग अब पूरी तरह से वाहनों के लिए सुलभ है। दूसरा मार्ग नाथू ला (सिक्किम के जरिए) है, जिससे 10 बैच भेजे जाएंगे, हर बैच में 50 यात्री शामिल होंगे। यह मार्ग भी अब पूरी तरह मोटरेबल हो चुका है। दोनों मार्गों पर अब कम ट्रेकिंग करनी पड़ती है, जिससे यात्रा पहले से अधिक आरामदायक और सुगम हो गई है।
विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर यात्रा की पूरी जानकारी, रूट विवरण, बैच की तिथियां और चयनित यात्रियों की सूची उपलब्ध है। चयनित यात्रियों को ईमेल और एसएमएस के जरिए भी सूचना भेजी जाएगी।
सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा है। यात्रा से पहले सभी यात्रियों के लिए मेडिकल टेस्ट और फिटनेस सर्टिफिकेट अनिवार्य होगा। रूट पर हेल्थ सेंटर, डॉक्टर और आपातकालीन सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।